Mahakumbh में आज सुबह हुई भगदड़ के बाद, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बातचीत की और प्रयागराज से अधिक संख्या में ट्रेनों के संचालन की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि महाकुंभ में आए श्रद्धालु शीघ्र और सुगमता से शहर से बाहर निकल सकें।
Mahakumbh : हर चार मिनट में ट्रेन, 360 से अधिक ट्रेनें प्रयागराज से रवाना
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि हर 4 min में एक ट्रेन चलाई जा रही है और आज प्रयागराज से 360 से अधिक ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। Mahakumbh में भगदड़ के बाद, श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द प्रयागराज से बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कोई विशेष ट्रेन रद्द नहीं
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया कि अन्य शहरों से प्रयागराज आने वाली विशेष ट्रेनों के रद्द होने की खबरें गलत हैं। केवल पंडित दीनदयाल स्टेशन से प्रयागराज आने वाली कुंभ स्पेशल ट्रेन को भारी भीड़ के कारण अगली सूचना तक रद्द किया गया है। अन्य सभी कुंभ स्पेशल ट्रेनें पूर्ववत जारी रहेंगी और प्रयागराज से गुजरने वाली नियमित ट्रेनों का संचालन भी सामान्य रूप से किया जा रहा है। इसके अलावा, “ट्रेन ऑन डिमांड” सेवाएं भी मांग के अनुसार संचालित हो रही हैं।
भारतीय रेलवे की योजना
Mahakumbh के दौरान प्रयागराज में भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां माघ अमावस्या के अवसर पर लाखों श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान कर रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए, भारतीय रेलवे ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष योजना लागू की है।

रेलवे ने यह साफ किया कि इस आयोजन के लिए कोई विशेष ट्रेन रद्द नहीं की गई है। इसके बजाय, सुचारू आवाजाही के लिए प्रयागराज में कई खाली ट्रेनें भेजी जा रही हैं, ताकि हर 4 मिनट में एक ट्रेन चलाई जा सके। यह योजना संगम क्षेत्र के पास स्थित रेलवे स्टेशनों से यात्रियों को शीघ्रता से ले जाने के उद्देश्य से बनाई गई है।

