Intercontinental legends championship (ILC) : ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) [भारत], 12 मई: भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और श्रीलंका के पूर्व ओपनर तिलकरत्ने दिलशान आगामी इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स चैंपियनशिप (ILC) में हिस्सा लेंगे, जो 27 मई से 5 जून तक ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली जाएगी।
ILC में धवन समेत कई दिग्गज शामिल
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन भी इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स चैंपियनशिप (ILC) में खेलते नजर आएंगे। इस टूर्नामेंट में दुनिया भर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें दिलशान, न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल और अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान भी शामिल हैं।
पूर्व भारतीय गेंदबाज प्रवीण कुमार और मनप्रीत गोनी भी इस टूर्नामेंट में इंडियन वॉरियर्स की ओर से खेलेंगे। छह टीमों वाला यह चैंपियनशिप टूर्नामेंट छह महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व करता है और इसका सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

27 मई से ILC का आगाज़ : छह टीमों के बीच होगा महामुकाबला
अन्य पांच टीमें हैं– अफ्रीकन लायंस, ट्रांस टाइटंस (ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड), यूरो ग्लैडिएटर्स, अमेरिकन स्ट्राइकर्स और एशियन एवेंजर्स। ये छह प्रतिष्ठित टीमें छह वैश्विक क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगी।
चैंपियनशिप 27 मई से शुरू होगी और इसका फाइनल मुकाबला 5 जून 2025 को ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा।
ILC में दिग्गजों की वापसी का जश्न
इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स चैंपियनशिप (ILC) के डायरेक्टर गौरव कमल ने कहा, “इन दिग्गज खिलाड़ियों ने हमें सालों तक रोमांचित किया है और अब ये एक बार फिर मैदान में धमाल मचाने लौटे हैं। इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स चैंपियनशिप उनके क्रिकेटिंग करियर को सलाम है और इस खेल का उत्सव है जो पूरी दुनिया को जोड़ता है। छह महाद्वीपों की भागीदारी इसे एक सच्चा वैश्विक क्रिकेट महोत्सव बनाती है।”






